स्थानीय बाजार के करीब बृहस्पतिवार की सुबह बाइक से खाद लेने गए किसान को बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, कार चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जेठवारा थाना क्षेत्र के शुकुलपुर काछा निवासी 53 वर्षीय गंगा प्रसाद यादव घर से बाइक लेकर साधन सहकारी समिति में खाद लेने जा रहे थे। राजपूत ढाबा के पास समिति की ओर मुड़ते समय कार ने टक्कर मार दी। आसपास के लोगों की सूचना पर परिजन पहुंचे। घायल को सीएचसी गजराही ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही बेटी शिवानी, स्वीटी व रुचि के अलावा बेटा हर्षित बिलख पड़े। एक बेटा अर्पित मुंबई में नौकरी करता है। मृतक की पत्नी धर्मा देवी बेसुध हैं। सीओ सदर करिश्मा गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है।