पट्टी तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के समापन के बाद डीएम की कार के आगे दो फरियादी बैठकर न्याय की मांग करने लगे। करीब आठ मिनट तक तहसील प्रशासन के अधिकारी फरियादियों को समझाते रहे। डीएम के आश्वासन के बाद लोग कार के सामने से हटने को तैयार हुए।
शनिवार को पट्टी तहसील में डीएम की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। दोपहर करीब 2.26 बजे संपूर्ण समाधान दिवस के समापन के बाद डीएम बाहर आ गए। डीएम कार पर बैठकर निकलने की तैयार में थे, इतने में उनके कार के आगे आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के धरौली निवासी बड़े लाल यादव उर्फ निरंकारी और पट्टी तहसील क्षेत्र के सूरेमऊ निवासी संतोष बैठ गए।
फरियादियों के बैठने के कारण कार आगे नहीं बढ़ सकी। एसडीएम तनवीर अहमद, सीओ मनोज रघुवंशी, कोतवाल आलोक कुमार, प्रभारी तहसीलदार पवन सिंह फरियादियों को समझाने का प्रयास करने लगे। फरियादियों ने बताया कि पड़ोसी उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद तहसील और पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की।
मामले का संज्ञान लेने के बाद डीएम ने एसडीएम को जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया। डीएम के आश्वासन के बाद फरियादी डीएम की कार के आगे से हट गए। डीएम की कार रवाना होने के बाद तहसील और पुलिस प्रशासन की सांस में सांस आई।
गोलमोल आ रही है पट्टी तहसील से रिपोर्ट
प्रतापगढ़। संपूर्ण समाधान दिवस के समाप्त होने के बाद जिलाधिकारी संजीव रंजन ने अधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने कहा कि पट्टी से अभी भी गोलमोल राजस्व कर्मियों की रिपोर्ट आ रही है। इसमें सुधार करने की आवश्यकता है। समय से शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। शिकायतें प्राप्त होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में गैरहाजिर दस अफसरों से स्पष्टीकरण तलब
लालगंज। समाधान दिवस में गैरहाजिर मिले दस अधिकारियों को एसडीएम नैंसी सिंह ने स्पष्टीकरण तलब किया है। एसडीओ विद्युत, सहायक अभियंता लघु सिंचाई, एसएचओ संग्रामगढ़, सहायक विकास अधिकारी पंचायत लालगंज, सहायक विकास अधिकारी कृषि, बीईओ रामपुर संग्रामगढ समेत दस अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।