Family members accused of murder in the case of a young man's death
नगर कोतवाली के चिलबिला ओवरब्रिज पर बोलेरो की टक्कर से युवक की मौत के मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उनका कहना है कि हादसे के बाद उसे लोहे की राड से पीटा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मानधाता थाना क्षेत्र के खरवई निवासी खालिक गांव की दो महिलाओं को बाइक से लेकर इलाज कराने जा रहा था। शुक्रवार रात चिलबिला ओवरब्रिज पर सामने से आ रही बोलेरो की टक्कर से उसकी मौत हो गई। अब इस मामले में खालिक के भाई शहजाद ने हत्या का आरोप लगाया है।
उसका कहना है कि तीन महीने पहले 19 मार्च को उसके बड़े भाई की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में चार लोग जेल में हैं। चार आरोपी फरार चल रहे हैं। फरार आरोपी आए दिन सुलह करने का दबाव बनाते थे। समझौता न करने पर जान से मारने की धमकी देते थे।
उन लोगों ने ही खालिक की बाइक में बोलेरो से टक्कर मार दी। इसके बाद लोहे की राड से उसकी जमकर पिटाई की। महिलाओं के शोर पर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी भाग निकले। इलाज के दौरान खालिक ने दम तोड़ दिया। उसकी तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।