विधवा की जमीन का कराया फर्जी बैनामा, पूछताछ पर बवाल
प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष पर फायरिंग व मारपीट का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बाघराय। विधवा की जमीन की खतौनी में फर्जी ढंग से नाम दर्ज करवाकर उसका बैनामा कर दिया गया। इसके बाद बैनामेदार ने जमीन पर कब्जा भी कर लिया। इसकी जानकारी विधवा को हुई तो उसने इसकी सूचना प्रधान को दी। प्रधान ने बैनामेदार को घर पर ले जाकर बातचीत से मामले को निपटाने का प्रयास किया। इस दौरान बैनामेदार के परिजनों ने जिलाध्यक्ष पर मारपीट और फायरिंग का आरोप लगाते हुए पुलिस को फोन कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैनामेदार को उसके घर छोड़ा।
बाघराय थाना क्षेत्र के गोगौर गांव में रामरति पत्नी स्व. विदेशी की सवा बीघे की जमीन है। इसमें प्रयागराज होलागढ़ के एक व्यक्ति ने फर्जी तरीके से अपना नाम दर्ज करा लिया। इसके बाद उसने इस जमीन का बैनामा पंचमहुआ के रामराज यादव पुत्र सुंदर लाल यादव को कर दिया। रामराज ने उस पर धान लगवाना शुरू कर दिया। इस पर विधवा महिला ने इसकी शिकायत ग्राम प्रधान से की। प्रधान ने विधवा रामरति की तरफ से रामराज को धान लगाने से रोका और उन्हें समझाने के लिए अपने घर ले आए। घर पर बात ही हो रही थी कि रामराज के पुत्र जयसिंह ने डायल हंड्रेड को फोन कर सूचना दे दी कि प्रधान उसके पिता को जबरन घर उठा ले गए हैं और उनके साथ मारपीट करने के साथ ही हवाई फायरिंग भी कर रहे हैं। इस पर चौकी प्रभारी शकरदहा अरविंद उपाध्याय मौके पर पहुंचे। उन्होंने राजराम को उसके घर भेजा। उन्होंने बताया कि विधवा की जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद है। हवाई फायरिंग नहीं हुई है। इधर जिलाध्यक्ष का कहना है विधवा रामरति की जमीन फर्जी ढंग से लोग हड़प रहे हैं इसी वजह से मैंने बीच बचाव किया। मारपीट की घटना निराधार है। इसी मामले में ट्रैक्टर चालक राम कैलाश हरिजन ने भी तहरीर देकर कहा है कि रामरति पत्नी विदेशी ने ट्रैक्टर बुलाकर जब खेत जुताना चाहा तो रामराज यादव व उनके बेटे जय सिंह, राम सिंह ने मारपीट कर घायल कर दिया।