यूपी बोर्ड परीक्षा में जिले की हाईस्कूल टॉपर राधा तिवारी और गार्गी दुबे के गांव से रोडवेज बस चलेगी। लखनऊ में आयोजित अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान उत्सव में प्रतिभाग करने पहुंची छात्राओं को परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने इस बात का आश्वासन दिया है।
लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बुधवार को उपमुख्य मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य ने सम्मानित करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आश्वासन दिया कि मेधावियों के गांव तक चमचमाती हुई सड़कें बनाई जाएंगी। संडवा चंद्रिका विकास क्षेत्र के छतरपुर ग्राम पंचायत की रहने वाली हाईस्कूल की टॉपर राधा तिवारी और पट्टी इलाके के बिरौती गांव निवासी इंटरमीडिएट की टॉपर गार्गी दुबे के गांव तक पक्की सड़क का निर्माण पहले ही हो चुका है। इसलिए परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह का आश्वासन सच साबित हो सकता है। इन दोनों बालिकाओं के गांव से रोडवेज सेवाएं प्रारंभ होगी। तीन अक्तूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात, मेट्रो से लखनऊ की सैर करने के पल को नहीं भुला पाने वाली छात्राओं ने अमर उजाला के इस प्रयास की सराहना की है। हाईस्कूल की टॉपर राधा तिवारी के बाबा सुरेश प्रसाद तिवारी ने कहा कि अमर उजाला ने बेटी का सम्मान करते हुए ऊंचाई की उस बुलंदी पर पहुंचा दिया है, जिसे कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। इंटरमीडिएट की टॉपर गार्गी दुबे के पिता चंद्रिका इंटरमीडिएट कॉलेज में अध्यापक है। उन्होंने ने भी अमर उजाला को धन्यवाद दिया है।