एटीएम कार्ड होते हुए भी बैंकों की तरह सभी जगह रुपये न मिलने से परेशान रहने वाले डाकघर के पचास हजार बचत खाताधारकों को बड़ी राहत मिली है। अब डाकघर के एटीएम कार्ड से भी किसी भी बैंक के एटीएम से रुपये निकाले जा सकेंगे। प्रधान डाकघर से जुड़े सेविंग एकाउंट के एटीएम कार्ड अब बैंकों के एटीएम में धड़ल्ले से चलेंगे। डाकविभाग ने जिले के इकलौते एटीएम को एक जनवरी से सीधे बैंक सिस्टम से जोड़कर जिले के लोगों को नए साल का तोहफा दिया है। इससे डाकघर के एटीएम कार्ड किसी भी बैंक और बैंकों का कार्ड डाकविभाग के एटीएम में काम करेगा। आने वाले समय में प्रधान डाकघर के करीब पचास हजार बचत खाताधारकों को इसका लाभ मिलेगा। फिलहाल इस साल पहली जनवरी से प्रधान डाकघर के 368 कार्ड धारकों को इस सुविधा का लाभ मिलना शुरू हो गया है।
दरअसल, छह माह पहले प्रधानडाकघर ने अपना एटीएम खोला था। उस समय डाकघर वाले ही कार्ड इस पर मान्य थे। इस कार्ड से दूसरे बैंकों से या फिर बैंकों के कार्ड से डाकघर के एटीएम से रुपये निकालने की सुविधा नहीं थी। इससे लोगों को दिक्कतें आ रहीं थीं। हालांकि नोटबंदी के शुरुआती दौर में जिन लोगों के पास डाकघर का एटीएम कार्ड था उन लोगों की मौज थी। जब सब बैंकों के एटीएम जवाब दे गए थे, उस समय जिले में अकेला यही एटीएम चल रहा था। सहायक डाक अधीक्षक पीसी तिवारी ने बताया कि एक जनवरी से प्रधान डाकघर का एटीएम बैंकों से जोड़ दिया गया है। डाकघर का एटीएम कार्ड किसी भी बैंक में चलेगा। सभी बैंकों का डाकघर के एटीएम पर। इससे प्रधान डाकघर के 368 कार्ड धारकों को एक जनवरी से लाभ मिलने लगा है। बाकी जो भी बचत खाते हैं, उनको भी शीघ्र ही कार्ड की सुविधा मिल जाएगी।