बाबा बेलखरनाथ धाम के सोनाही लक्ष्मणपुर गांव में 2014 में पानी की टंकी का निर्माण 95 लाख रुपये की लागत से हुआ लेकिन अभी पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। पानी की टंकी के लिए बिजली कनेक्शन लिया गया। ऑपरेटर की तैनाती की गई, लेकिन लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंचा।
नल से जल पहुंचाने के लिए सोनाही लक्ष्मणपुर गांव में पानी के टंकी की स्थापना की गई। इस दौरान पाइप ही गायब हो गई। टंकी के नीचे ग्रामीण मवेशी बांध रहे हैं। पूर्व ग्राम प्रधान राजीव सिंह ने बताया कि वर्ष 2014 में पानी की टंकी बनकर तैयार हो गई थी। जल निगम विभाग को लगभग तीस बार लिखित शिकायत की गई लेकिन पानी टंकी का संचालन नहीं हो सका। इससे गांव के लोगों में नाराजगी है। जल निगम के सहायक अभियंता सुग्रीव सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जल्द ही टंकी का संचालन शुरू कराया जाएगा।