गर्मी से बचने के लिए उपभोक्ता एसी, कूलर व पंखे का सहारा ले रहे हैं लेकिन ट्रिपिंग और फॉल्ट के चलते हो रही बिजली कटौती उपभोक्ताओं को परेशान कर रही है। शहरी क्षेत्र के चारों उपकेंद्रों से दिन व रात में प्रत्येक एक से दो घंटे के अंतराल पर 10 से 15 मिनट तक बिजली कटौती हो रही है। मंगलवार छह सुबह से शाम छह बजे तक दहिलामऊ उपकेंद्र से नौ बार बिजली की आवाजाही हुई।
यही हाल रूपापुर, बाबागंज और कादीपुर उपकेंद्र का भी रहा। ग्रामीण अंचल के उपकेंद्रों के उपभोक्ताओं को बिजली कटौती के चलते अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रानीगंज अजगरा, पहाड़पुर, बहोरिपुर समेत अन्य उपकेंद्रों से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय चार से पांच घंटे तक बिजली गुल हो रही है।
उपभोक्ता रात में जगकर बिजली आने का इंतजार कर रहे हैं। रानीगंज अजगरा उपकेंद्र के दुर्गागंज निवासी ननके वैश्य, बढ़नी के अजीत सिंह ने बताया कि रात में कई घंटों तक बिजली कटौती से नींद टूट जाती है। अधीक्षण अभियंता छैल बिहारी ने बताया कि सभी उपकेंद्र के जेई का रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं।