भीषण गर्मी के बीच बिजली भी रुला रही है। बिना सूचना किसी भी समय की जा रही अघोषित बिजली कटौती ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। बत्ती गुल होने से उपभोक्ता दिन में तो परेशान होते ही हैं लेकिन रात में लोग नींद नहीं ले पा रहे हैं। मार्च के 110 मिलियन यूनिट के सापेक्ष जिले में बिजली की खपत करीब 15 फीसदी तक बढ़ गई है। लोड बढ़ने से अप्रैल में अभी तक 80 ट्रांसफाॅर्मर भी फुंक चुके हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक शहर के दहिलामऊ, बाबागंज, रूपापुर व कादीपुर उपकेंद्र से हर दिन औसतन आठ से 10 बार ट्रिपिंग हो रही है। वहीं ग्रामीण अंचल के उपकेंद्रों से जुड़े गांवों में दिन-रात में पांच से छह घंटे तक अघोषित बिजली कटौती की जा रही है।
रोस्टर के अनुसार शहर में 24 तथा ग्रामीण अंचल में 18 घंटे बिजली आपूर्ति करने का प्रावधान है लेकिन शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आवाजाही से उपभोक्ता परेशान हैं। अजगरा उपकेंद्र के महराजगंज निवासी रमाकांत मिश्र, धानेपुर निवासी अनुज कुमार ने बताया कि दिन में कई बत्ती गुल हो रही है। रात में लगातार कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित होने से सोना मुश्किल हो रहा है।
-वर्जन रोस्टर के मुताबिक बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। मेनलाइन ब्रेकडाउन के चलते आपूर्ति बाधित हो रही है। बिजली की खपत करीब 15 फीसदी बढ़ी है। जले ट्रांसफॉर्मर जल्द बदले जाएं, इसकी व्यवस्था की जा रही है। -छैल बिहारी, अधीक्षण अभियंता
लोड बढ़ने से जल रहे ट्रांसफाॅर्मर
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि अप्रैल में अभी तक 80 ट्रांसफार्मर जिले में फुंक चुके हैं। जबकि बीते साल अप्रैल में 125 ट्रांसफार्मर जले थे। हालांकि बीते साल के सापेक्ष इस बार कम ट्रांसफाॅर्मर जले हैं। लोग एसी, कूलर, पंखे का अधिक प्रयोग कर रहे हैं। जिससे फीडरों पर लोड बढ़ा है।
गौरा, पांडेयतारा, खाखापुर उपकेंद्रों की रात भर बाधित रही बिजली, हजारों लोग परेशान
गौरा। मेन लाइन ब्रेकडाउन होने से शनिवार रात गौरा, पांडेयतारा, खाखापुर विद्युत उपकेंद्नों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। शाम को सात से नौ बजे तक बिजली गुल रहने से लोग परेशान रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि रात नौ बजे बिजली आपूर्ति बहाल तो हुई लेकिन आधे घंटे बाद फिर गुल हो गई। रात भर आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ता गर्मी से बेहाल रहे। तीनों उपकेंद्रों के 80 गांव के करीब 50 हजार उपभोक्ताओं की नींद में खलल पड़ा। गौरा उपकेंद्र के जेई सुनील कुमार ने बताया कि ब्रेकडाउन की वजह से बिजली कटी।