जनपद में दो नई नगर पंचायत बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसके लिए शासन ने 20 राजस्व गांवों की आबादी व गाटा समेत क्षेत्रफल का आंकड़ा मांगा है। पट्टी तहसीलदार ने सोमवार काे सभी गांवों के लेखपालों से डाटा लेना शुरू कर दिया।
पट्टी विधानसभा के सैफाबाद व उड़ैयाडीह बाजार को नई नगर पंचायत बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। सैफाबाद नगर पंचायत में सैफाबाद, नोही, हर्रई पट्टी, सारडीह, लबेदा, महरूपुर, बनपुरवा व रायपुर को शामिल किया गया है। वहीं उड़ैयाडीह के लिए सरखेलपुर, पूरे घना, सरवरपुर, महोखरी, गड़ौरी खुर्द, जलालपुर किठौली, भदेवरा, उसीपुर, पूरे पहाड़, पूरे गुलाल, पूरे बेंदुआ को शामिल किया गया है।
इन राजस्व गांवों के लेखपालों को तहसीलदार पट्टी ने समस्त अभिलेखों के साथ तहसील बुलाया। ताकि उन गांवों की आबादी, गाटा और क्षेत्रफल का डाटा एकत्र किया जा सके। अपर जिलाधिकारी आदित्य प्रजापति ने बताया कि सैफाबाद व उड़ैयाडीह को नगर पंचायत बनाने की संभावना है।