बिना रजिस्ट्रेशन कार्ड के पहुंचे 60 छात्रों को परीक्षा कक्ष में घुसने से रोक दिया गया। इस पर छात्रों के साथ उनके अभिभावकों ने हंगामा किया। डेढ़ घंटे बाद डीएम के हस्तक्षेप के बाद करीब पौने चार बजे परीक्षार्थियों को अंदर प्रवेश दिया गया। और सवा पांच बजे परीक्षा खत्म होते ही कापी ले ली गई।
सांगीपुर इलाके के बापू इंटर कॉलेज रेहुआ लालगंज में शनिवार को दूसरी पाली में इंटरमीडिएट हिंदी द्वितीय पेपर की परीक्षा थी। मोना देवी इंटर कॉलेज लखनपुरसूर के छात्रों का यह कॉलेज केंद्र बना हुआ है। शनिवार को जब छात्र परीक्षा देने पहुंचे तो प्रिंसिपल ने यह कहकर छात्रों को अंदर घुसने से मना कर दिया कि आप लोगों के पास रजिस्ट्रेशन कार्ड नहीं है। जब तक आप रजिस्ट्रेशन कार्ड लेकर नहीं आते हैं तब तक परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे। छात्रों ने इसकी जानकारी अभिभावकों को दी तो थोड़ी ही देर में अभिभावकों का जमावड़ा लग गया। प्रिंसिपल मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए छात्र घंटों प्रदर्शन करते रहे।
अभिभावकों ने इसकी सूचना जब डीआईओएस को दी तो उन्होंने प्रिंसिपल से बातकर छात्रों को परीक्षा में शामिल कराने को कहा। इसके बाद भी जब प्रिंसिपल नहीं मानें तो मामला डीएम के पास पहुंच गया। डीएम के फटकार लगाते ही करीब पौने चार बजे छात्रों को प्रवेश दिया और सवा पांच बजे परीक्षा खत्म होते ही परीक्षार्थियों की कापी छीन ली। इससे साठ विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लग गया है।
प्रिंसिपल हरिशंकर शुक्ल ने बताया कि पहले दिन की परीक्षा में बच्चों से रजिस्ट्रेशन कार्ड लेकर आने को कहा गया था। मैंने इस बाबत डीआईओएस को अवगत करा दिया था। डीआईओएस शिव कुमार ओझा ने कहा है बोर्ड का आदेश आया है कि छात्रों को परीक्षा के दौरान प्रवेश पत्र के साथ नवीं और ग्यारहवीं का रजिस्ट्रेशन कार्ड लाना अनिवार्य है। परीक्षा केन्द्र पर पहुंचे कुछ बच्चों के प्रवेश पत्र के फोटो में गड़बड़ियां पाईं गई । ऐसा कार्यालय की गलती के कारण हुआ था। मामले की जांच कराई जाएगी