फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भूकंप से कांप उठा बेल्हा

Sun, 26 Apr 2015 12:01 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
शनिवार को भूकंप के झटकों से बेल्हा कांप उठा। जिले भर के लोग दिन भर सहमे रहे। कई जगहों पर घरों की दीवारें और छतें चटक गईं। शहर में एक घर की छत भरभराकर ढह गई। रानीगंज में सीमेंट के चादर की छत गिरने से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। जगेसरगंज में दीवार ढहने से एक बछड़े की मौत हो गई। झटके लगने के बाद डर के मारे लोग घरों से निकलकर बाहर भागने लगे।
विज्ञापन



सड़क और मैदानों में भीड़ जुट गई। जिला अस्पताल में मरीजों को लेकर आए तीमारदार भी भाग निकले। मरीज भी किसी तरह घसीटते हुए वार्ड से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए। सरकारी कार्यालयों में अफरातफरी मच गई। हर कोई अपनी जान बचाने के लिए परेशान था। सनई अनुसंधान केंद्र के मुताबिक, पहली बार 11 बजकर 45 मिनट पर भूकंप आया और 24 सेकेंड तक कंपन महसूस की गई। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.5 नापी गई। दूसरी बार 12 बजकर 23 मिनट पर झटके महसूस हुए। इस बार करीब चार सेकेंड तक भूकंप का असर रहा। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.4 मापी गई।

सुबह करीब 11 बजकर 45 मिनट की बात है। रोज की तरह लोग अपने काम में लगे हुए थे। सरकारी कार्यालयों में काम चल रहा था। अचानक लोगों को कंपन महसूस हुआ। किसी को कुछ समझ में नहीं आया। इमारतें हिलने लगीं। इसके बाद हल्ला मचा कि भूकंप आ गया है। दफ्तरों में कुर्सी-टेबल हिलने लगे। लोग चिल्लाते हुए घरों से बाहर भागे। कुछ देर बाद कंपन खत्म हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। अभी लोग पूरी तरह सामान्य भी नहीं हुए थे कि 38 मिनट बाद बारह बजकर 23 मिनट पर दोबारा झटके लगे। कचहरी और सरकारी कार्यालयों में अफरातफरी मच गई। जिला अस्पताल में ओपीडी की छत और दीवार में दरार आ गई। दीवानी न्यायालय में सीजेएम कोर्ट के बगल कंप्यूटर कक्ष का छत फट गया। मालगोदाम रोड पर नगर पालिका का लोकार्पण पत्थर ढह गया। जिला अस्पताल के सामने एक दुकान में लगीं ट्यूब लाइटें गिर गईं। फतनपुर थाने की दीवारें चटक गईं।
विज्ञापन



गौरा में एक मेडिकल स्टोर की दीवार भी फट गई। शहर के करनपुर में कटरा रोड पर स्थित एक मैरिज हाल की दीवार फट गई। शहर में ही कंपनी बाग के सामने एआई स्टांप शिवकुमार त्रिपाठी के आवास की छत भरभरा कर ढह पड़ी। संयोग था कि घर में कोई नहीं था। पट्टी के बेलारामपुर में एक शिव मंदिर की दीवारें चटक गईं। रानीगंज के कौलापुर नंदी पट्टी गांव में सीमेंट चादर की छत गिरने से प्रेमचंद्र केशरवानी का बेटा अभय कुमार (10) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रानीगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उधर, स्कूलों में तत्काल छुट्टी कर दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें