बीएसए को जांच के लिए लिखा पत्र
कुंडा। कस्बे के हनुमत नगर स्थित प्राइवेट स्कूल में मासूम छात्रा के साथ हुई घटना को लेकर कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बीएसए को पत्र लिखा है। इंस्पेक्टर ने पत्र में लिखा है कि घटना की जानकारी होने पर पुलिस विद्यालय गई तो विद्यालय प्रबंधक द्वारा जांच में सहयोग नहीं किया गया। इंस्पेक्टर ने बीएसए से विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्य और अन्य कर्मचारियों के क्रियाकलापों की जांच कराए जाने की मांग की है। कोतवाल ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रेप या डिजिटल रेप की पुष्टि हुई तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।
एसपी के आदेश पर दुष्कर्म का केस दर्ज
नवाबगंज के एक गांव की रहने वाली पीड़िता ने 28 अप्रैल को तहरीर देकर बताया था कि गांव के ही एक युवक ने घर में जबरदस्ती घुसकर दुराचार किया । शोर मचाने पर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर एसपी के आदेश के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत
नवाबगंज थाना क्षेत्र के मद्दूपुर गांव के रहने वाले 25 वर्षीय विनोद की शुक्रवार दोपहर घर पर ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विनोद की मौत की क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू होती रहीं। परिजनों के अनुसार विनोद के पेट में अचानक दर्द हुआ पीएचसी कुशवापुर ले जाया गया। जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं क्षेत्र में चर्चा है कि विनोद ने घर के अंदर फांसी के फंदे से लटक कर जान दे दी। यह भी सामने आ रहा है कि विनोद की करंट की चपेट में आने से मौत हुई है। नवाबगंज एसओ संतोष सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना की हकीकत का पता चलेगा। मृतक विनोद के दो बेटे हैं। वह दो बहनों में सबसे बड़ा था।