राशन कार्ड में शामिल पांच साल से कम आयु के बच्चों की ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है। शासन ने बच्चों के लिए ई-केवाईसी का विकल्प नहीं बनाया है। सरकारी राशन की दुकानों पर भी ई-केवाईसी करने में समस्या आ रही है। जबकि 31 मार्च तक ही अंतिम तिथि है।
जिले में पात्र गृहस्थी धारकों की संख्या 4,86,577 है। इन राशनकार्डों में 21,96,684 यूनिट शामिल है। जबकि अंत्योदय कार्ड धारकों की संख्या 74,131 है। इनमें 2,63,518 यूनिट शामिल है। शासन की ओर से 24,55,202 यूनिट ई-केवाईसी का लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य के सापेक्ष 14,82,444 यूनिट की ई-केवाईसी हो चुकी है। ई-केवाईसी करने में पूर्ति विभाग को प्रदेश में 30वीं रैंक प्राप्त हुई है।
डीएसओ अनुपम त्रिवेदी ने बताया कि लाभार्थी किसी भी सरकारी राशन की दुकान से ई-केवाईसी करा सकते हैं। अभी पांच साल और उससे कम आयु के बच्चों की ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है। राशन कार्ड धारक अपने बच्चों की ई-केवाईसी को अपडेट करा लें। मौका मिलने पर उनकी भी ई-केवाईसी की जाएगी।