प्रतापगढ़ में छेड़खानी के आरोप में युवकों को बनाया गया मुर्गा।
- फोटो : अमर उजाला।
दशहरे मेले में महिलाओं से अभद्रता करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। महिलाओं की शिकायत के बाद पहुंची पुलिस ने उन्हें मेला ग्राउंड के पास ही मुर्गा बना दिया। पुलिस की कार्रवाई से मेले में मौजूद शरारती युवक वहां से भागने लगे। पुलिस ने दोबारा इस तरह की हरकत न करने की हिदायत देकर युवकों को छोड़ दिया।
बता दें कि कस्बे स्थित मेला मैदान में दशहरा मेल चल रहा है। मेला ग्राउंड के महिला सेक्टर में तीन युवक महिलाओं से अभद्रता कर रहे थे। युवकों की हरकत से नाराज महिलाओं ने विरोध जताया। शोर शराबा होने पर मामले की जानकारी रामलीला समिति को हुई। रामलीला समिति ने उनसे उनका नाम पूछा लेकिन युवकों ने अपना नाम बताने से इनकार करते हुए सभी से लड़ने झगड़ने लगे।
इस पर समिति के पदाधिकारियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शरारती युवकों को मेला ग्राउंड के पास ही मुर्गा बना दिया। काफी देर तक मुर्गा बना रहने के बाद तीनों अपनी गलती मानने लगे। पुलिस ने दोबारा इस तरह की हरकत न करने की हिदायत देकर उन्हें छोड़ दिया।