ड्रोन कैमरे से होगी 220 मतदान केंद्रों की निगरानी
निकाय चुनाव में अर्धसैनिक बलों की होगी तैनाती, कल आएगी एक कंपनी पैरामिलेट्री फोर्स
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। निकाय चुनाव में जिले के 220 मतदान केंद्रों पर सुरक्षाकर्मी ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। पहली बार निकाय चुनाव के दौरान अर्धसैनिक बल के जवान सभी मतदान केंद्रों पर तैनात होंगे। ताकि किसी प्रकार का बवाल न हो सके। 28 अप्रैल को एक कंपनी अर्धसैनिक बल बेल्हा पहुंचेगा।
जिले में एक नगर पालिका व 18 नगर पंचायतों में चार मई को मतदान होना है। चुनाव के दौरान बवाल रोकने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से चुनाव वाले क्षेत्रों से दस किमी के दायरे में पाबंदी की कार्रवाई की गई है। यहां रहने वाले संदिग्ध और बवाली लोगों पर पुलिस की निगाह है। लाइसेंसी असलहे जमा कराने के साथ ही पोलिंग बूथ प्रभारी के रूप में तैनात पुलिसकर्मियों से मिले फीडबैक के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
निकाय चुनाव में कुंडा, पट्टी, कटरामेदनीगंज, सिटी प्रतापगढ़, रानीगंज, पृथ्वीगंज, डेरवा, हीरागंज, मानधाता, सुवंसा बाजार व नगर पालिका परिषद बेल्हा के दस वार्ड संवेदनशील माने गए हैं। जहां अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की जाएगी। फिलहाल निकाय चुनाव को संपन्न कराने के लिए पांच कंपनी अर्धसैनिक बल की मांग की गई थी। शासन की ओर से एक कंपनी अर्धसैनिक बल 28 अप्रैल को भेजा जा रहा है। जिसकी मदद से वाहनों की चेकिंग व नगर पालिका समेत नगर पंचायतों में पुलिसकर्मी फ्लैग मार्च कर चुनाव का माहौल बनाएंगे।
पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि अर्धसैनिक बल की निगरानी में 220 मतदान केंद्रों पर चुनाव संपन्न कराया जाएगा। निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे की मदद ली जाएगी।