पांच दिन पहले ट्रक में चावल की किनकी लादकर आ रहे चालक की हत्या का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंडा। पांच दिन पहले मध्य प्रदेश से चावल की किनकी लादने निकले ट्रक ड्राइवर का सामान बरामद हुआ लेकिन शव अब तक नही मिला। ट्रक चालक का मोबाइल, खून से सना कंबल और ट्रक नवाबगंज थाना क्षेत्र में बरामद हुआ। नवाबगंज पुलिस खलासी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव के सुनील तिवारी का ट्रक पड़ोसी जनपद रायबरेली के ऊंचाहार के गनेश का पुरवा गांव का शिव शंकर चलाता था। उसी गांव के बगल बहादुरगंज का रवि गौतम ट्रक में खलासी है। दोनों पांच दिन पहले मध्य प्रदेश के कटनी से चावल की किनकी लादकर सीतापुर के लिए निकले लेकिन ट्रक बुधवार को दोपहर नवाबगंज थाना क्षेत्र के अहमंज गांव के सामने खडा मिला, जिसपर ट्रक ड्राइवर नही था।
ट्रक मालिक को जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंचे और खलासी से बातचीत की। उसकी ओर से उल्टी सीधी बताने पर सुनील ने इसकी जानकारी नवाबगंज पुलिस को दी। पुलिस ने देखा तो ट्रक में खून के धब्बे थे। पुलिस को मनियरवा नरवा अंधियारी के पास ट्रक की स्टेपनी व खून से सना कंबल और लेहदरी पुल के पास से उसका मोबाइल बरामद हुआ।
नवाबगंज एसओ सुधीर सोनी के मुताबिक यह मामला राजापुर पुलिस का है। जबकि क्षेत्र में चर्चा है कि ट्रक और खून से सना कंबल तथा मोबाइल नवाबगंज थाना क्षेत्र में ही बरामद हुआ है। एक शव चित्रकूट जिले के राजापुर में यमुना नदी में मिला जिसकी सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे लेकिन वह शव उसका नही था।