जेठवारा के पूरनपुर खास में बुधवार रात ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत हो गई। जिससे घर में कोहराम मचा रहा।
पूरनपुर खास निवासी छोटेलाल (28) बाघराय के कोर्रही गांव के रहने वाले हीरालाल का ट्रैक्टर चलाता था। हीरालाल की पूरनपुर खास में जमीन है। बुधवार को छोटेलाल खेत की जोताई कर रहा था। इस बीच तेज बारिश होने लगी। घर आने के दौरान पुलिया के करीब पानी भरा होने से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
उसके नीचे दबने से छोटेलाल की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद ग्रामीणों की नजर पड़ी। शोर शराबा सुनकर गांव के लोगों संग परिजन पहुंचे। मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे छोटेलाल का शव निकाला गया। यह देख परिजन रोने-बिलखने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। जेठवारा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर अभी भी घटनास्थल पर पड़ा है। बरसात की वजह से मौके पर पानी भरा है। ट्रैक्टर निकालने के लिए जेसीबी मंगाई गई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई होगी।