डा. पीपी पांडेय को जिला अस्पताल की कमान
प्रभारी डा. रीना प्रसाद को बनाया गया जिला महिला अस्पताल का सीएमएस
प्रतापगढ़। जिला महिला अस्पताल की प्रभारी सीएमएस रीना प्रसाद को शासन ने सीएमएस बना दिया है। वहीं जिला अस्पताल के सीएमएस रहे डॉक्टर योगेंद्र यति के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के बाद चार्ज लेने से हाथ खड़ा करने वाले डॉक्टर पीपी पांडेय को जिला अस्पताल की कमान सौंपी है।
चोरी से सरकारी सामान को घर भेजवाने के मामले में शासन ने महिला सीएमएस रहीं रीता दूबे को सस्पेंड कर दिया था। उन्हें एडी कार्यालय प्रयागराज अटैच कर दिया गया। रीता दूबे की जगह महिला अस्पताल की वरिष्ठ डॉक्टर रीना प्रसाद को शासन ने चार्ज दे दिया। इसी बीच जिला अस्पताल के सीएमएस रहे डॉक्टर योगेंद्र यति पर लापरवाही समेत कई आरोप को देेखते हुए एडी ने शासन को पत्र लिखा था। एडी के पत्र को संज्ञान में लेते हुए शासन ने योगेंद्र यति को भी सस्पेंड कर दिया। जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर पीपी पांडेय को एडी प्रभारी सीएमएस का चार्ज दिलाने के लिए आए, मगर वह छुट्टी लेकर चले गए। अन्य सीनियर चिकित्सकों ने सीएमएस का चार्ज लेने से हाथ खड़े कर दिए। मजबूरन एडी को डॉक्टर इम्तियाज अहमद को प्रभारी सीएमएस का चार्ज देना पड़ा। दोनों प्रभारियों के भरोसे जिला व महिला अस्पताल का संचालन हो रहा था। देखरेख की जिम्मेदारी सीएमओ डॉक्टर एके श्रीवास्तव को मिली थी। खामियां मिलने पर सीएमओ को फटकार सुननी पड़ती थी। शासन ने महिला अस्पताल की प्रभारी सीएमएस रीना प्रसाद को सीएमएस बनाते हुए जिला अस्पताल के वरिष्ठ हड्डी रोग विशेज्ञय डॉक्टर पीपी पांडेय को अस्पताल की कमान थमा दी। दोनों लोगों को सीएमएस बना दिया।