प्रतापगढ़। डीएम डा. रूपेश कुमार ने बुधवार को जिले के सात युवक, महिला मंगल दल की टीमों को खेलकूद सामग्री वितरित करते हुए कहा कि युवाओं को कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार -प्रसार करना चाहिए। जिससे गांव के अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
लखनऊ में सीएम के कार्यक्रम का एनआईसी में हुए सजीव प्रसारण को डीएम के साथ विभागीय अधिकारी और युवक, महिला मंगल के लोग देखते रहे। डीएम ने युवक, महिला मंगल दल के अध्यक्ष एवं सदस्य से ग्रामसभा स्तर पर किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की और कहा कि ग्राम स्तर पर शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार एवं उनके क्रियान्वयन में सहयोग करें। स्वच्छता कार्यक्रम, सामुदायिक वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण, खेलकूद व योग का आयोजन एवं उनमें सहभागिता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन, रक्तदान, आपदा प्रबंधन, श्रमदान, स्वास्थ्य जागरूकता जैसे टीकाकरण अभियान, परिवार नियोजन में सक्रिय भूमिका निभाएं। दिलीपपुर के श्लोक मिश्र, कमलेश कुमार पोद्दार, ग्राम बोझी के नमन कुमार तिवारी, अमित मौर्य, ग्राम पंचायत भौसिया के नीलेश कुमार, राज कूपर, ग्राम पंचायत कोठार मंगोलेपुर के सत्येंद्र कुमार मौर्य, सुमित कुमार शुक्ला, तिवारीपुर के दिपांशी श्रीवास्तव, संगीता पाल, जोगापुर के अंजली गौड़, रंजना मौर्य तथा कादीपुर के कविता दूबे व सारिका पटेल को किट प्रदान की।
स्वच्छताग्राहियों के बकाए का किया जाए भुगतान: डीएम
प्रतापगढ़। स्वच्छ भारत मिशन की बुधवार को हुई बैठक को संबोधित करते हुए डीएम डा. रूपेश कुमार ने कहा है कि जिन स्वच्छताग्राहियों ने शत-प्रतिशत कार्य करा दिया है, उन्हें अविलंब भुगतान कर दिया जाए। निर्मित सभी शौचालयों की जियो टैगिंग अविलंब कराने को कहा है।
बैठक में डीपीआरओ ने बताया कि जिन शौचालयों का निर्माण कार्य पूर्व में कराया गया था, उसकी जियो टैगिंग की कार्रवाई की जा चुकी है। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद की ग्राम पंचायतों में सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालय का निर्माण कार्य चल रहा है। जिनमें कई ग्रामसभाओं में सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है जिनकी जियो टैगिंग कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन-जिन ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य चल रहा है, उसे गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्धता के साथ जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए।
शौचालय में कमीशन खाने वाले दस सचिवों पर गिरी गाज
प्रतापगढ़। शौचालय निर्माण में कमीशन खाने वाले दस सचिवों पर गाज गिरी है। प्रधान तो रुपये लेकर अलग हो गए, मगर अब सचिवों को खोज-खोजकर कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण इलाकों में भुगतान होने के साल भर बाद भी शौचालय दुरुस्त नहीं हुए हैं। जांच में खुलासा होने पर अब कार्रवाई हो रही है। डीपीआरओ रविशंकर द्विवेदी ने बताया कि मंगरौरा के संदीप कुमार, जावेद अहमद, मानधाता के चंद्र प्रताप पटेल, शांति प्रकाश शर्मा, महेंद्र कुमार, अविनाश यादव, अभिषेक पटेल, अनिल कुमार, अशोक मिश्र, सलमान अहमद को प्रतिकूल प्रवृष्टि देते हुए एक-एक वेतन वृद्धि पर रोक लगाई है। संवाद