शहर के हॉटस्पॉट वाले इलाके में जिलाधिकारी डा. रुपेश कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने हाथों में लाठी लेकर भारी पुलिस फोर्स के साथ फ्लैगमार्च किया। भारी फोर्स देख भगदड़ मच गई। लोग अपने घरों में दुबक गए। फ्लैग मार्च को देखते हुए पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा रहा।
शनिवार को जिलाधिकारी डा. रुपेश कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह मकंद्रूगंज पुलिस चौकी पहुंचे। वहां पहले से ही एएसपी पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद, एएसपी पश्चिमी दिनेश चंद्र द्विवेदी, सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय मौजूद थे। नगर कोतवाल व चौकी प्रभारी के साथ पुलिसकर्मियों की टीम फ्लैगमार्च पर निकली। चौक से निकलकर सभी एसबीआई से होते हुए केपी कालेज होते हुए विक्रम तिराहा पहुंचे।
अफसरों के हाथ में डंडा देख भगदड़ मच गई। लोगों को घरों में रहने का निर्देश देते हुए पुलिस फोर्स सदर बाजार होते हुए कपूर चौराहा होकर फिर चौक घंटाघर पहुंची। अफसरों ने मातहतों को निर्देश दिया कि लोग घरों से बाहर न निकलें। उनकी हर जरूरतों को पूरा करने के लिए पुलिस व प्रशासन के लोग मौजूद हैं।