छुट्टी पर घर आए सेना के जवान के साथ जेठवारा पुलिस ने अभद्रता की। पिता के साथ उसे थाने ले गई। उससे मामले की शिकायत एसपी से की है।
जेठवारा थाना क्षेत्र के श्रीकांत पुरवा अमरौना निवासी पीके तिवारी सेना का जवान है। इन दिनों उसकी तैनाती पंजाब के पटियाला में है।
ड्यूटी पर फायरिंग के दौरान उसके दाहिने हाथ के ऊंगली में गोली लग गई थी। सर्जरी के बाद उसकी उंगली से गोली निकाली गई थी। सेना के अस्पताल से उसे डिस्चार्ज होने के बाद वह परिवार के साथ रविवार दोपहर बाद घर पहुंचा।
पिता के बगल बैठकर बात कर रहा था। आरोप है कि इसी बीच उसके दरवाजे पर जेठवारा पुलिस पहुंच गई। फायरिंग का आरोप लगाते हुए उसके पिता बिग्रेंड तिवारी के साथ अभद्रता करने लगी। पीके तिवारी ने विरोध किया तो सिपाहियों ने उसके साथ भी अभद्रता की। वीडियो बनाने पर उसका मोबाइल छीन लिया और बिग्रेड को अपने साथ लेकर थाने चली गई।
मोबाइल की छीनाझपटी में पीके तिवारी की चोट फिर ताजा हो गई। उसने एसपी से शिकायत की है। इस मामले में एसओ जेठवारा का कहना है कि गांव के कई लोगों ने फोन कर डायल 100 को सूचना दी थी कि बिग्रेंड तिवारी हवाई फायरिंग कर दहशत फैला रहे हैं। इसलिए उन्हें थाने पर लाया गया है। किसी से विवाद नहीं किया गया है।