सीडीओ डॉ. दिव्या मिश्रा की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को विकास भवन कक्ष में डिजिटल लाइब्रेरी समिति की बैठक हुई। जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत दर्वे ने बताया कि जनपद की 319 ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों पर डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
आसपुर देवसरा में 19, बाबा बेलखरनाथधाम में 16, बाबागंज में 15, बिहार में 17, गौरा में 12 समेत अन्य सभी ब्लॉकों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की जाएगी। डिजिटल लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित अध्ययन सामग्री, ई-बुक, ऑनलाइन कोर्स, शैक्षणिक वीडियो, समाचार पत्र व इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा मुहैया हो सके। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र कुमार मौर्य, पुस्तकालयाध्यक्ष नसरत अली उपस्थित रहे।