छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आजकल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी के नेता हर जगह जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म करने का डंका पीट रहे हैं। चुनाव में वोट मांगने के लिए भी इसी की दुहाई दे रहे हैं। कश्मीर से 370 हटाकर आपने कोई एहसान नहीं किया। यह आपके चुनावी घोषणापत्र में था। इनका कोई भरोसा नहीं है। यह किसी दिन उत्तर प्रदेश को भी केंद्रशासित प्रदेश बना देंगे।
कांधरपुर में कांग्रेस प्रत्याशी डा. नीरज त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के सीएम ने कहा कि इनसे डरना मत। लोकतंत्र में सबसे बड़ा मतदाता होता है। आप ने इनका भाग्य लिखा। अब कांग्रेस पर भरोसा करिए। ये पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाते हैं। किसानों की समस्या और बेरोजगारी पर चुप्पी साध लेते हैं।
सीएम ने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके विधायक दुष्कर्म कर रहे हैं। मारपीट, लूट और हत्या में शामिल हैं। प्रदेश में चारों तरफ हताशा का माहौल है। मोदी सरकार के नोटबंदी जैसे जनविरोधी फैसले के चलते देश में मंदी आ गई है। इस पर भाजपा सरकार की बोलती बंद हो गई है।
गोशाला में दुबली हो रहीं गायें, मोटे हो रहे अफसर
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने गोशालाओं को लेकर भी योगी सरकार हमला किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस की सरकार आने से पहले आवारा मवेशियों और गाय की समस्या थी। सत्ता में आने के बाद हमने गायों के लिए बेहतर व्यवस्था की।
जहां भी गोशालाएं खोली गईं वहां उनके चारे की बुवाई के लिए भी जमीन दी गई। इससे उनके चारे का संकट खत्म हो गया। उनके लिए छाया की व्यवस्था की। योगी सरकार गो संरक्षण के नाम पर ढोल पीट रही है। इनकी गोशालाओं में गायें मर रही हैं, दुबली हो रही हैं और गोशाला चलाने वाले अफसर मोटे हो रहे हैं।
एसपी से कांग्रेसियों की हुई थी तीखी बहस
कांधरपुर में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की जनसभा से पहले सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे एसपी अभिषेक सिंह से कांग्रेसियों की बहस हो गई। दरअसल, जनसभा स्थल देखने और बैरिकेडिंग की व्यवस्था न होने पर एसपी ने कह दिया कि जनसभा को कैंसिल करिए।
यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिक्कत हो सकती है। इस पर कांग्रेसी भडक़ गए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था आपकी जिम्मेदारी है। इसके बाद एसपी और कांग्रेसियों के बीच तीखी झड़प हुई।
अवधी में बोले प्रमोद, सीएम की कार भी खुद चलाई
कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कांधरपुर में आयोजित जनसभा के दौरान अपना पूरा भाषण अवधी में दिया। उन्होंने एक बार भी खड़ी हिंदी नहीं बोली। स्थानीय लोगों को खुद से जोडने के लिए वह अवधी भाषा में ही भाषण देते रहे। हेलीकाप्टर में मुख्यमंत्री के साथ आए प्रमोद खुद सीएम की गाड़ी चलाकर उन्हें सभास्थल तक ले गए।
लौटते समय भी मुख्यमंत्री की गाड़ी स्टेयरिंग प्रमोद ही थामे रहे। सीएम ने भी अपने भाषण के दौरान प्रमोद का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनवाने में प्रमोद तिवारी का बड़ा योगदान रहा। यह वहां के स्टार प्रचारक बनाए गए थे। उनके अवधी में भाषण की भी मुख्यमंत्री ने प्रशंसा की।
कोहडौर के कांधरपुर बाजार में कांग्रेस की चुनावी जनसभा में बोलते छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल।- फोटो : PRATAPGARH