सोमवार की शाम प्रतापगढ़ स्टेशन पर फिर डिरेलमेंट की घटना होते-होते बच गई। इस बार ट्रैक मशीन पलट जाती। रेलकर्मियों ने पटरी के गैप को समय रहते हुए देख लिया और हादसा टल गया।
शनिवार की रात प्रतापगढ़ स्टेशन पर डायमंड क्रॉसिंग के प्वाइंट नंबर 34 में गड़बड़ी से पीएल पैसेंजर का इंजन शटिंग के दौरान पटरी से उतर गया था। सिग्नल विभाग की टीम दो दिनों से डायमंड क्रॉसिंग के प्वाइंट को ठीक करने में जुटे हैं। सोमवार की शाम प्वाइंट पूरी तरह से ठीक भी नहीं हो पाया था कि सिग्नल विभाग ने उसको फिट करार देते हुए परिचालन विभाग से ट्रेनों के संचालन की अनुमति दे दी। फिट का मेमो पाकर कर्मचारी ट्रेन चलाने की तैयारी करने लगे।
शाम को लाइन नंबर दो में खड़ी ट्रैक मशीन को ट्रायल के रूप में पहले गुजारने का फैसला लिया गया। मशीन को पटरी पर बढ़ाने से पहले शंटर कर्मचारी चेकिंग के लिए डायमंड क्रॉसिंग पर पहुंचे तो उन्हें दो नंबर और आठ नंबर की लाइन की संधि के बीच गैप नजर आया। गैप देखने के बाद शंटर भागते हुए मशीन के पास पहुंचे और उसको आगे बढ़ने से रोक दिया। बताया कि आगे गैप है एक्सीडेंट हो सकता है। उन्होंने फौरन इसकी सूचना सिग्नल विभाग के कर्मचारियों को दी। उसके बाद े इस लाइन पर संचालन बंद करवाकर दोबारा क्रॉसिंग का प्वाइंट बनाने का काम सिग्नल विभाग की टीम ने े शुरू किया। इससे दो से आठ नंबर लाइन का रूट ठप होने से मालगाड़ी का संचालन बंद रहा। मंगलवार को दोपहर तक दोनों लाइन का काम बंद था। जिससे मेनलाइन को छोड़कर यार्ड की गुड्स लाइन का भी संचालन बंद रहा।