कुंडा। पैसे के लिए केसीसी न बनाने से झल्लाए ग्रामीणों को गुस्सा आखिर बैंक में फूट पड़ा। ग्रामप्रधान को बुलाकर ग्रामीणों ने बैंक में जमकर हंगामा किया। बाद में शाखा प्रबंधक ने सभी को समझाबुझाकर शांत कराया।
बैंक आफ बड़ौदा शाखा पचमहुआ में रामदीन पुत्र गयादीन व सुभाषचंद्र पुत्र विंदेश्वरी प्रसाद निवासी पंचमहुआ ने किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन कर रखा था। कई दिन से वह बैंक के चक्कर लगा रहे थे। बावजूद इसके फील्ड आफिसर उनकी सुन नहीं रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि वह पैसे के लिए उन्हें बार-बार दौड़ा रहे थे। सोमवार को बैंक खुलने के बाद जब ग्रामीण पहुंचे तो उन्हें एक बार फिर से उन्हें टरकाने का प्रयास किया गया। इस पर ग्रामीण भड़क गए और प्रधान संघ अध्यक्ष को फोन करके बुलवाया।
प्रधान संघ अध्यक्ष पिंटू सिंह अपने कई साथियों के साथ पहुंचे और बैंक में हंगामा करना शुरू कर दिया। इस पर बैंक में कामकाज ठप पड़ गया। ग्रामीणों का आक्रोश देख शाखा प्रबंधक ने मामले को समझा और आवेदन को देखने के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए ग्रामीणों को शांत कराया। शाखा प्रबंधक के आश्वासन पर पिंटू सिंह ने उन्हें चेतावनी देते हुए सभी को वापस लौटा दिया। इस दौरान भारी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। इस दौरान पप्पू, राजू दुबे, मुन्नायादव, जगन्नाथ प्रसाद यादव, लालजी सरोज, मुन्ना पटेल आदि मौजूद रहे।