पट्टी कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बेला गांव में विवाहिता की हत्या करने के बाद शव तालाब में फेंक दिया गया। मंगलवार सुबह इसकी जानकारी होने पर गांव में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। खबर पाकर पुलिस भी पहुंची। घटना से गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर तीन घंटे तक पुलिस को शव नहीं उठाने दिया।
बाद में तीन थानों की फोर्स के साथ पहुंचे एएसपी पूर्वी ने किसी तरह लोगों को समझाने के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में मृतका के पति ने अपने सगे भाइयों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस केस दर्ज करने के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बेला गांव निवासी गंगा प्रसाद जायसवाल किराना की दुकान चलाते हैं। बड़े भाई जमुना प्रसाद तथा छोटे भाई भागीरथी जायसवाल से उनका रास्ते को लेकर विवाद है। सोमवार रात वह पत्नी कंचन (44) के साथ घर के बाहर सो रहे थे। भोर में वह उठे तो कंचन बिस्तर से गायब थी।
इसकी जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। लोग उसकी तलाश करने लगे। करीब पांच घंटे बाद सुबह साढ़े नौ बजे गांव के पास स्थित तालाब में उसका शव मिला। इस पर परिजनों के साथ ही ग्रामीण भागकर मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह तालाब से शव बाहर निकाला।
मृतका के सिर पर चोट के गंभीर निशान थे। ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी आ गई। ग्रामीणों ने पुलिस को शव कब्जे में नहीं लेने दिया। लोग मौके पर ही घटना का खुलासा करने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का आक्रोश देखकर पट्टी पुलिस ने अफसरों को जानकारी दी।
इस पर करीब तीन घंटे अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी रानीगंज अतुल अंजान त्रिपाठी तीन थानों की फोर्स के साथ गांव पहुंचे। परिजनों को काफी समझाने और एएसपी के हत्यारोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद पुलिस शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी। मामले में गंगा प्रसाद ने अपने बड़े भाई जमुना प्रसाद तथा छोटे भाई भागीरथी जायसवाल पर रास्ते के विवाद में पत्नी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद दोनों को हिरासत में ले लिया। कोतवाली में उनसे पूछताछ की जा रही है।
पट्टी कोतवाली के रामपुर बेला गांव में विवाहिता का शव मिलने के बाद बिलखते परिजन।- फोटो : PRATAPGARH
मृत विवाहिता कंचन देवी। फाइल फोटो- फोटो : PRATAPGARH