रानीगंज कैथौला (ब्यूरो)। लालगंज विकासखंड के रोहाड़ा गांव के रामधनी की मौत आठ साल पहले हो चुकी है। लेकिन तहसील प्रशासन के अभिलेखों में वह अब भी जिंदा है और उसे फसल नुकसान के मुआवजे का चेक भी दे दिया गया। बुधवार को गांव पहुंचे लेखपाल ने रामधनी की पत्नी को फसल से हुए नुकसान पर पंद्रह सौ रुपये का चेक सौंप दिया। इसकी जानकारी धीरे-धीरे ग्रामीणों को हुई तो मामला ग्राम प्रधान रामकृष्ण तिवारी के पास पहुंच गया।
उन्होंने मृतक रामधनी के नाम से बने मुआवजे के चेक को अपने पास रखते हुए लेखपाल को सूचना दी। इस बाबत तहसीलदार से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन बंद होने के कारण बात नहीं हो सकी। एसडीएम इंद्रासन वर्मा के मोबाइल पर घंटी गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।