छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में तैनात एएसआई प्रकाश नारायण के मौत की खबर मिलते ही परिजन रोने बिलखने लगे। रविवार को पार्थिव शरीर घर पहुंचने की संभावना है।
नगर कोतवाली के भंगवा निवासी प्रकाश नारायण सरोज सीआरपीएफ में एएसआई के पद पर कार्यरत थे। मौजूदा समय में उनकी तैनाती छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में थी। रविवार की सुबह प्रयागराज में पढ़ाई कर रहे बेटे अनूप के मोबाइल पर सीआरपीएफ कैंप से सूचना मिली कि उसके पिता की तबीयत खराब है। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। पिता के मोबाइल पर बात न होने पर अनूप परिजनों को सूचना देने के बाद अपने भाई संग घर आ गया। सीआरपीएफ कैंप से दोपहर में जानकारी दी गई कि प्रकाश नारायण अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनके पार्थिव शरीर को घर भेजने की तैयारी की जा रही है। यह सुनते ही घर पर मातम पसर गया। पिता बब्बन सरोज, बेटे अनूप, पत्नी संग भाई व परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। कंट्रोल रूम से जानकारी मिली कि देर शाम साथी जवान पार्थिव शरीर लेकर रायपुर स्थित एयरपोर्ट पहुंचे हैं। जहां से हेलीकॉप्टर से प्रयागराज भेजा जाएगा।