रेलवे स्टेशन पर पीईटी की परीक्षा देकर घर वापसी के दौरान ट्रेन में बैठने को दौड़ लगाते परीक्षार्थ?
- फोटो : PRATAPGARH
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़ के आगे रेलवे व परिवहन निगम की व्यवस्था फेल हो गई। स्टेशन व बस डिपो पर भीड़ को संभालने के लिए रेल प्रशासन को दो स्पेशल ट्रेन चलानी पड़ी। बसों को भी रात में ही रवाना किया गया।
जिले के परीक्षार्थियों को शनिवार रात ही परीक्षा देने के लिए जौनपुर, भदोही, आंबेडकर नगर और संतरविदास नगर जाना था। वहीं रविवार को परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर से आए परीक्षार्थी भी वापस जाने के लिए स्टेशन से लेकर बस डिपो तक भटकते रहे। रात आठ बजे के बाद स्टेशन से कोई ट्रेन नहीं मिल रही थी।
परीक्षार्थी शोर शराब करने लगे। किसी प्रकार का बवाल न हो, इसके लिए बस डिपो और रेलवे स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ मुस्तैद रही। देर रात रायबरेली से बनारस के लिए एक स्पेशल ट्रेन का संचालन किया गया। प्रतापगढ़ के रास्ते से ट्रेन जंघई होते हुए बनारस की ओर रवाना हुई। वहीं लखनऊ से प्रयागराज के बीच भी स्पेशल ट्रेन का संचालन किया गया।
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेेस के एसी कोच में यात्री घुस गए। जिसे लेकर हंगामा हुआ। रोडवेज बस डिपो पर बसें उपलब्ध होने के बाद भी परीक्षार्थी हंगामा करते रहे। चर्चा है कि चालक और परिचालक से हाथापाई भी हुई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बताया कि चार स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। दो स्पेशल ट्रेन प्रतापगढ़ होकर प्रयागराज व वाराणसी भेजी गई। वहीं रोडवेज एआरएम पीके कटिहार ने बताया कि किसी प्रकार का हंगामा नहीं हुआ।