रक्षाबंधन पर सोमवार को ट्रेनाें और बसों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। रोडवेज पर बहनों ने पूरे दिन मुफ्त यात्रा की। जिले समेत अन्य रूटों पर जाने वाली बसों में महिलाओं की भीड़ रही। परिवहन निगम ने 85 बसों का संचालन रक्षाबंधन के लिए किया।
मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन से गुजरने वाली सरयू एक्सप्रेस, प्रयागराज-अयोध्या पैसेंजर, पदमावत एक्सप्रेस व लखनऊ-वाराणसी पैसेंजर, अर्चना एक्सप्रेस व प्रतापगढ़-इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रियों की भारी भीड़ रही। लखनऊ रूट की पद्मावत व वाराणसी-लखनऊ पैसेंजर में सबसे अधिक भीड़ रही।
कई ट्रेनें देरी से पहुंची, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
वाराणसी-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन चार घंटे देरी से रेलवे स्टेशन पहुुंची। जनता एक्सप्रेस एक घंटे, पीआरएल पैसेंजर करीब डेढ़ घंटे देरी से रेलवे स्टेशन पहुंची। जिस कारण यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। वहीं पद्मावत एक्सप्रेस व एकात्मता एक्सप्रेस एक घंटे विलंब से रेलवे स्टेशन पहुंची। स्टेशन अधीक्षक शमीम अहमद ने बताया कि सोेमवार को लंबी दूरी की कई ट्रेनें देरी से पहुंची।
इनसेट
85 बसों का किया गया संचालन
परिवहन निगम ने रक्षाबंधन पर बहनों को लाने और ले जाने के लिए प्रयागराज, गोरखपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर, अयोध्या, वाराणसी, रायबरेली व नई दिल्ली समेत अन्य रूटों पर 85 बसों का संचालन किया। जिले के रूटों पर जाने वाली बसों में भारी भीड़ रही। एआरएम राजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि देररात तक बसें सभी रूटों पर चलाई गईं।