वाहन चेकिंग के दौरान कैबिनेट मंत्री सिंह के घर के करीब सिपाही को टक्कर मारने वाले बाइक सवार युवकों को पुलिस ने मुचलके पर छोड़ दिया। सिपाही की हालत में भी सुधार हो रहा है। शुक्रवार को भी सदर बाजार से गुजरने वाले लोगों को पुलिस की सघन चेकिंग से गुजरना पड़ा।
सदर बाजार में गुरुवार को चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों ने बैरियर पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को धता बताते हुए आखिरी छोर पर चेकिंग कर रहे सिपाही मोहम्मद जमील को जोरदार टक्कर मारकर भाग निकले थे। हालांकि देर शाम तक पुलिस ने दोनों की शिनाख्त के बाद दबोच लिया था। बाइक पट्टी कोतवाली के नारायणपुर निवासी ऋषभ सिंह चला रहा था। पीछे सदर बाजार निवासी विशाल ऊमरवैश्य पुत्र मंगल ऊमरवैश्य बैठा था।
इस मामले में भुलियापुर चेकपोस्ट प्रभारी ने बाइक सवार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जिस घटना से पुलिस महकमे के होश उड़ गए और सिपाही जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा हो। उस घटना के आरोपियों पर रहम दिखाते हुए पुलिस ने भारी दबाव में मुचलके पर छोड़ दिया। उधर, सिपाही जमील की हालत में सुधार हो रहा है। सिटी स्कैन कराया गया।
पुलिस विभाग की ओर से भी उपचार के लिए मदद भेजी गई। शुक्रवार को सदर बाजार में कड़ी सुरक्षा के बीच वाहनों की चेकिंग होती रही। हर आने जाने वालों को तीनों बैरियर पर जांच के बाद ही गुजरने दिया जा रहा था। नगर कोतवाल ने बताया कि बाइक सवार चेकिंग से बचने के लिए भागे थे। सिपाही को टक्कर मारने का कोई उद्देश्य नहीं था। मुचलके पर दोनों को छोड़ दिया गया।