मानिकपुर के बहरामई में रेलवे ट्रैक कटने की जांच करते अधिकारी।
- फोटो : PRATAPGARH
कुंडा। मानिकपुर थाना क्षेत्र के बहरामई गांव के पास बुुधवार रात अराजकतत्वों ने प्रयागराज-लखनऊ रेलमार्ग की पटरी काटने का प्रयास किया। हालांकि वह सफल नहीं हो सके। दो जगहों पर पटरी को काटने का प्रयास किया गया था। रात में इसी लाइन से ट्रेनें गुजरती रहीं। सुबह नजर पड़ने पर की-मैन ने इसकी जानकारी अफसरों को दी। सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ ही आरपीएफ कमांडेंट भी मौके पर पहुंचे और जांच की।
पुलिस ने बताया कि रात में अराजकतत्वों ने रेलवे लाइन को काटने का प्रयास किया था। दो जगहों पर रेलवे ट्रैक को काटने का प्रयास किया गया था। दोनों के बीच में करीब 200 मीटर का फासला है। एक जगह पर ट्रैक में सिर्फ खरोंच आई है, जबकि दूसरी जगह पर एक से डेढ़ मिलीमीटर लाइन कटी थी। दूसरी जगह पर ऊपर और साइड से भी इसे काटने का प्रयास किया गया। सुबह की-मैन ने इसकी सूचना स्टेशन के अधिकारियों को दी। मानिकपुर थाने के साथ ही कुंडा कोतवाली से भी फोर्स मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में ऊंचाहार आरपीएफ थाने से इंस्पेक्टर अवधेश पाठक भी फोर्स लेकर पहुंच गए। घटना की जांच करने आरपीएफ कमांडेंट अभिषेक कुमार भी आ गए। मामले में मानिकपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। इंस्पेक्टर अवधेश पाठक ने बताया कि इसकी रिपोर्ट ऊंचाहार थाने में भी दर्ज होगी।