पुलिस मुठभेड़ में घायल पशु तस्कर।
- फोटो : संवाद।
मंगलवार की देर रात पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी पशु तस्कर घायल हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग ने उसके पैर में गोली लगी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बीती रात एएसपी दुर्गेश कुमार सिंह व सीओ पट्टी मनोज कुमार रघुवंशी के नेतृत्व में थाना पट्टी, थाना आसपुर देवसरा पुलिस व स्पेशल पुलिस की संयुक्त टीम ने पट्टी क्षेत्र के भरोखन नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पशु तस्करी कर रहे वाहन को रोकने का प्रयास किया।
तस्करों की ओर से की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस की गोली से एक तस्कर घायल हो गया। आरोपी विनोद गौतम पुत्र छोटेलाल गौतम निवासी सलाहपुर थाना पट्टी के दाहिने पैर में गोली लगी है। एक अन्य आरोपी शेरा पुत्र मुंशी निवासी गुरसंडा टाडा थाना पिसावा सीतापुर हाल पता फत्तूपुर थाना बदलापुर जौनपुर को मौके से गिरफ्तार किया गया है। विनोद को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। पुलिस के अनुसार दो बदमाश अंधेरे व भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर भाग निकले।
सीओ मनोज सिंह रघुवंशी ने बताया पुलिस ने तस्कर विनोद के खिलाफ 25 हजार का इनाम घोषित किया था। वह थाना आसपुर देवसरा में वर्ष 2021 से गोवध निवारण, पशु क्रूरता अधिनियम, हत्या का प्रयास के अभियोग में वांछित चल रहा था।अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का पुलिस प्रयास कर रही है। आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस 315 बोर और दो सफेद रंग की पिकअप गाड़ी, एक भैंस व पांच पड़िया, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना आसपुर देवसरा में गोवध निवारण, पशु क्रूरता, हत्या के प्रयास जैसे लगभग तीन अभियोग पंजीकृत हैं।