प्रतापगढ़-फैजाबाद राजमार्ग पर स्थित चिलबिला ओवरब्रिज के पास बाइक सवार युवक को अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हालत नाजुक देखकर चिकित्सकों ने उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन रोते-बिलखते पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
नगर कोतवाली के दसियापुर चिलबिला निवासी चंदन पटेल (18) पुत्र राकेश पटेल अपने साथी शिवांशु (20) पुत्र संदीप के साथ शुक्रवार को बाइक से शहर आ रहा था। प्रतापगढ़-फैजाबाद राजमार्ग पर चिलबिला ओवरब्रिज के पास अनियंत्रित कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोग परिजनों को सूचना देने के साथ दोनों को जिला अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने चंदन को मृत घोषित कर दिया। वहीं शिवांशु की हालत नाजुक देखकर उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया। चंदन व शिवांशु दोनों जिगरी यार थे। इंटर तक की पढ़ाई भी एक साथ की थी। दोनों घर से बाहर भी एक साथ ही निकलते थे।
दो भाइयों में बड़ा था चंदन
चंदन पटेल दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई राज पटेल है। पिता राकेश घर के पास ही चाय-नाश्ते की दुकान चलाते हैं। हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी भागकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।