सिद्धार्थनगर। उसका थाना क्षेत्र में गोरखपुर-नौगढ़ मार्ग स्थित परसा शुकुरूल्लाह गांव में सरेआम प्रतिबंधित पशु के वध का मामला प्रकाश में आया है। घटना की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा। गांव निवासी अर्जुन लोधी की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व प्रधान चांद खा समेत 15 लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पशु को पोस्टमार्टम कराकर दफना दिया गया है।
एसओ उसका को शुक्रवार सुबह छह बजे सूचना मिली कि परसा शुकुरुल्लाह गांव में कुछ पशु तस्कर एक प्रतिबंधित पशु का वध करने जा रहे है। एसओ एक सिपाही के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों को देख तस्कर पशु छोड़कर भागने लगे। एसओ ने एक तस्कर को दौड़ाकर पकड़ लिया, लेकिन दूसरा भागने में सफल रहा।
घटना की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। थोड़ी देर में एसडीएम सदर राजेश सिंह, सीओ सुनील कुमार सिंह, एसओ सदर शमशेर बहादुर सिंह, एसओ जोगिया आरके गौतम भी मौके पर पहुंच गए। पशु चिकित्सकों डॉ. अखिलेश कुमार सिंह, डॉ. नीलेश, डॉ. जावेद और जितेंद्र श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंच कर पोस्टमार्टम किया और इसके बाद शव को दफना दिया गया। इस संबंध में एसओ अनिल प्रकाश पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर 15 लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया गया है। अन्य की तलाश जारी है।
---
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
- हियुवा कार्यकर्ता अर्जुन लोधी की तहरीर पर पुलिस ने चांद खा, जबार, अकरम, प्रेम खां, चांद खां, निमामुल खां, फूल खां, मुन्ना, नेम खां, इस्लाम, शहजाद, बन्ने खां, अलाउद्दीन, बजरे हुसेन, मुहम्मद हुसैन पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर किया है।
---
कोट---
- पशुवध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
- श्यामधनी राही, विधायक सदर
---
सात मिनट में आठ किमी. दूर पहुंच एसओ
- एसओ अनिल प्रकाश पांडेय ने सूचना मिलने के बाद मात्र सात मिनट में आठ किमी. की दूरी तय की और खेतों में दौड़ाकर एक तस्कर को पकड़ लिया।