संदिग्ध हालत में विवाहिता की आग से जलकर मौत हो गई। भाई ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोहंड़ौर थाना क्षेत्र के पवन कुमार गुप्ता का विवाह साढ़े तीन साल पहले बाघराय थाना क्षेत्र के कमोली वीरभानपुर निवासी हैपी (20) से हुआ था। शुक्रवार की शाम संदिग्ध हालत में हैपी आग की चपेट में आ गई। शोरशराबा सुनकर परिजन दौड़े और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद उसे इलाज के लेकर सीएचसी ले गए। वहां से डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। यहां भी उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। इलाहाबाद ले जाने के दौरान रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर लौट आए। शनिवार को मृतका का भाई संदीप कुमार पहुंचा और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप ससुरालीजनों पर लगाने लगा। उसने पुलिस से भी घटना की शिकायत की। तहसीलदार संग एसओ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।