फतनपुर इलाके में दबंगों ने दो सगी बहनों के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उनकी पिटाई कर दी। शिकायत के बाद भी पुलिस ने लिखापढ़ी तक नहीं की। शुक्रवार सुबह जांच पड़ताल करने पहुंची तो पीड़ित पक्ष के एक वृद्ध की ही पुलिस ने पिटाई कर दी। उसे थाने उठा लाई। ग्रामीणों ने विरोध में थाने का घेराव किया तो पुलिस ने शांतिभंग में उसका चालान कर दिया।
फतनपुर के साढ़ गांव निवासी दो बहनें गुरुवार को गांव के ही मंगला प्रसाद के खेत की निराई कर रही थीं। इस दौरान दो मनचले पहुंचे और छेड़खानी करने लगे। विरोध पर खेत में ही पीटना शुरू कर दिया। शोर मचाने पर ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी भाग निकले। युवतियों ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। इस पर पिता ने थाने पहुंचकर शिकायत की।पीड़िताआें के पिता का आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की और यह कहकर घर लौट दिया कि जाओ अब आरोपी युवक कुछ नहीं करेंगे। सुबह जांच की जाएगी आैर उसके बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। शुक्रवार सुबह फतनपुर थाना के एक एसआई तीन सिपाहियों के साथ मंगलाप्रसाद के घर पूछताछ करने के लिए पहुंचे। इस दौरान मंगला ने कह दिया कि छेड़खानी की घटना घटित होने के बाद भी पुलिस रिपोर्ट नहीं दर्ज कर रही है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी। इससे गुस्साए पुलिसकर्मियों ने उसकी पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, उसे सरकारी जीप से थाने उठा ले गए। इसकी जानकारी होने पर गांव के लोगों ने थाने के सामने हाईवे पर जाम लगा दिया। फतनपुर पुलिस ने डंडा पटककर किसी तरह लोगों को सड़क से हटाया। पुलिस ने तत्काल मंगला प्रसाद का शांतिभंग में चालान कर दिया।जेडी मिश्र, क्षेत्राधिकारी, रानीगंज ने कहा कि घटना की जानकारी नहीं है। जांच करवा कर कार्रवाई की जाएगी।