लालगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित अर्जुनपुर गांव में शुक्रवार शाम हाइवे के किनारे खेल रहे तीन बच्चों को बेकाबू कार ने रौंद दिया। इससे एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीसरे बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। दो बच्चों की मौत से गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। दुर्घटना करने वाली कार की तलाश की जा रही है।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव निवासी शिवबहादुर ने गांव से निकलकर हाइवे के बगल घर बनवा लिया है। शुक्रवार को उनका बेटा अंश (6) पड़ोसी हरिकिशुन गुप्ता के बेटे अहम (5) व हर्ष (7) के साथ हाइवे के किनारे खेल रहा था। इस दौरान सामने से आ रही अनियंत्रित कार तीनों को रौंदते हुए निकल गई। घटना देख रहे आसपास के लोगों ने चिल्लाना शुरू किया, लेकिन तब तक कार सवार भाग निकला। मौके पर आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों ने तीनों बच्चों को उठाया और एंबुलेंस से स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने अंश को मृत घोषित कर दिया। जबकि अहम और हर्ष की हालत गंभीर देखकर डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान अहम की भी मौत हो गई। हर्ष की भी हालत गंभीर बनी हुई है। हृदयविदारक घटना से गांव में कोहराम मचा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की।