चचेरे भाई से हुए विवाद का बदला लेने जा रहे शूटर और उसके साथी को पुलिस ने धर दबोचा। तलाशी के दौरान शूटर के पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने में लगी हुई है। एसपी ने मानधाता एसओ को ढाई हजार रुपये ईनाम देने का ऐलान किया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर रविवार को सुबह से ही वाहनों की सघन चेकिंग अभियान प्रारंभ कर दी गई थी। संदिग्ध लोगों की धरपकड़ करने के लिए एसओ मानधाता राजकिशोर भी दलबल के साथ संजय तिराहा पहुंचे। दुपहिया व चार पहिया वाहनों की सघन चेकिंग होने लगी।
इस बीच एक बाइक से दो युवक आते दिखे। पुलिस को देख वे भागने के लिए बाइक मोड़ने लगे। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को कर्रा किया तो उन लोगों ने अपनी मंशा बताई। यह सुन पुलिस के रोंगटे खड़े हो गए। एसओ के मुताबिक पकड़ा गया गोविंदपुर निवासी रवि सिंह शूटर है। उसका चचेरा भाई प्रमोद सिंह ट्रक चलाता है। एक सप्ताह पूर्व प्रमोद से मानधाता थाना क्षेत्र के ही गारापुर निवासी मतलूब से किसी बात को लेकर छत्तीसगढ़ में विवाद हुआ था। तीन दिन पहले ही मतलूब घर आया। इस बात की जानकारी होने पर प्रमोद ने रवि को फोन कर मतलूब को देख लेने को कहा। चचेरे भाई के विवाद में मतलूब को ठिकाने लगाने के लिए रविवार को रवि अपने साथी सोनू तिवारी निवासी सरायगोविंद के साथ निकला था लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया और वह पुलिस के हाथ लग गया। यदि रवि अपने मकसद में कामयाब हो जाता तो पुलिस के लिए सिरदर्दी बढ़ जाती। पुलिस अधीक्षक माधव प्रसाद वर्मा ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का ईनाम देने का ऐलान किया है।