ओवरटेक के प्रयास में युवक की मौत हो गई। कोतवाली के जेंवई विश्राम का पुरवा निवासी श्यामलाल वर्मा का पुत्र संतोष वर्मा (22) बुधवार की सुबह बाइक से घर से रिश्तेदारी पंडरी गांव जा रहा था। लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर पीछे से उमरपुर निवासी संतोष सरोज अपनी बहन को बाइक से लेकर आ रहा था। हाईवे पर अर्जुनपुर गांव के पास इस बीच लालगंज की ओर से एक टेलर ट्रक आ रहा था।
बाइक सवार एक दूसरे को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। दोनाें बाइक सवारों की रफ्तार काफी तेज बताई जाती है। अचानक संतोष वर्मा ट्रेलर के नीचे पहिए में दब गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में संतोष सरोज व उसकी बहन को भी चोटें आईं। इन्हें सीएचसी लालगंज में प्रारंभिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। सूचना पर रानीगंज कैथौला पुलिस चौक्ी मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज अमित सिंह ने मृतक का शव पंचनामा कर पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को कब्जे में लेकर कोतवाली मुख्यालय ले गई। मृतक के पिता श्यामलाल की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
मौत ने आखिर मासूम बेटी के सिर से पिता का साया छीन लिया। मृतक संतोष का विवाह तीन वर्ष पूर्व ही हुआ था। वह अपने पीछे दो वर्ष की मासूम बेटी को छोड़ गया है। बेटी के सिर से पिता का साया छिन गया। उसकी मौत से पूरे गांव में मातम छा गया। मृतक के परिजनों का जहां रो-रोकर बुरा हाल है वहीं ग्रामीणों के भी आंसू छलक पड़े।