जेल से बाहर आते ही पुलिसवालों से गिन गिनकर बदला लूंगा। गलत मुकदमे में फंसाया तो एसओ साहब ठीक नहीं होगा। यह किसी फिल्म का डायलॉग नहीं है, बल्कि जेल में निरुद्ध मानिकपुर थाने पर हमले करने के आरोपी बंदी के हैं। जिसके खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। उदयपुर एसओ संतोष दुबे के मुताबिक दिसंबर माह में उनके क्षेत्र में लूट की घटना में संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के प्रतापपुर चेरी निवासी शिवमणि उर्फ शिवा की तलाश थी। गत दिनों मानिकपुर थाने पर बमबाजी व फायरिंग करने के साथ ही संतरी महादेव मिश्र की गोली मारकर हत्या करने के मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
कोर्ट की अनुमति लेकर बुधवार को वह जेल में निरुद्ध शातिर बदमाश शिवा का बयान लेने गए थे। एसओ ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि बंदी शिवा ने उसे धमकाते हुए कहा कि उसे किसी मामले में न फंसाओ। वरना अंजाम बुरा होगा। मानिकपुर के पूर्व एसओ प्रमेंद्र सिंह, अवकाश प्राप्त इंस्पेक्टर चंद्रबली यादव के साथ ही क्राइम ब्रांच के लोगों को जेल से निकलने के बाद गोली मार दूंगा। उन लोगों ने उसे अपराधी बना दिया है। सबसे गिर- गिनकर बदला लेना है। इस बात की जानकारी एसओ ने पुलिस अधीक्षक को दिया। एसओ की तहरीर पर गुरुवार की शाम नगर कोतवाली में बंदी शिवा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।