फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदमाशों ने पेट्रोलपंप से 30 हजार लूटे

Thu, 07 Jun 2018 10:50 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
नकाबपोश चार बदमाश बृहस्पतिवार को पेट्रोल पंप के सेल्समैन से 30 हजार रुपये लूटकर भाग निकले। विरोध करने पर सेल्समैन पर फायर झोंक दिया, हालांकि वह बाल-बाल बच गया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस हवा में तीर चलाती रही। पंप मालिक के पति की तहरीर पर पुलिस ने चार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घटनास्थल का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन


कंधई थाना क्षेत्र के मंदाह में कुसुम किसान सेवा केंद्र के नाम से पेट्रोलपंप है। जिसका संचालन कोहड़ौर थाना क्षेत्र के सुंदरिया का पुरवा की रहने वाली आरती द्विवेदी पत्नी कार्तिकेय द्विवेदी करती हैं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे चार नकाबपोश बदमाश दो बाइकों से पेट्रोल भराने पहुंचे। एक बाइक में चार सौ और दूसरी बाइक में 250 रुपये का पेट्रोल भराया। इसके बाद अचानक सेल्समैन पुष्पेंद्र यादव निवासी जलालपुर थाना अंतू को पीछे की ओर घसीट ले गए। उसके पास से 30 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया। यह देख दूसरा सेल्समैन मनीष यादव निवासी छिऊंगा कोहड़ौर दौड़ा तो बदमाशों ने उस पर फायर झोंक दिया।

हालांकि वह बाल-बाल बच गया और गोली दरवाजे के शीशे को भेदती हुई निकल गई। बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए मधुपुर की ओर भाग निकले। पेट्रोलपंप पर लूट की खबर मिलने के बाद भी काफी देर से पहुंचे कंधई थानाध्यक्ष हवा में तीर चलाते रहे। कुछ देर बाद सीओ पट्टी और फिर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। मैनेजर से घटना की जानकारी लेने के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
विज्ञापन


इस मामले में कार्तिकेय द्विवेदी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। एसपी ने बताया कि लुटेरों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। घटना में शामिल दो बदमाशों को चिह्नित करने में पुलिस कामयाब हो गई है। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

सीसीटीवी में कैद हुई बदमाशों की करतूत
पेट्रोल पंप पर गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरा लगवाया गया था। इसमे लूट और फायरिंग के दौरान बदमाशों की गतिविधियां कैद हो गईं। बाइक सवार बदमाश कार्यालय के इर्द-गिर्द घूमकर लोगों को देखता रहा तो दूसरा बाइक पर ही बैठा रहा। मौका मिलते ही सेल्समैन पर हमला बोलकर रुपये लूट लिए। महज दो मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर बदमाश भागने में कामयाब रहे। भागने के दौरान एक बदमाश का चेहरा खुल गया था।

पुलिस ने फुटेज लिया कब्जे में
कंधई के मंदाह में दिनदहाड़े दुस्साहस का परिचय देते हुए बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया। क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम भी बदमाशों की फुटेज देखने के बाद उनकी तलाश में जुट गई।

दो दिन पहले बझान में पेट्रोलपंप पर हुई थी लूट
अंतू थाना क्षेत्र के बझान में स्थित पेट्रोल पंप पर मंगलवार की शाम बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर दो सेल्समैनों से 37 हजार रुपये लूट लिए थे। फायरिंग के दौरान सेल्समैन बाल-बाल बच गए। इस मामले में पुलिस ने पहले काम कर चुके सेल्समैनों को पूछताछ के लिए उठाया था, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर छोड़ दिया गया। कुछ संदिग्धों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें