वैष्णो देवी दर्शन करने गए व्यापारी का घर चोरों ने साफ कर दिया। कई कमरों और आलमारी का ताला तोड़कर आराम से सारा सामान उठा ले गए। शनिवार की रात जब व्यापारी परिवार के साथ लौटा तो उसे इसकी जानकारी हुई। उसने कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। कुंडा कोतवाली के अत्तानगर मोहल्ला निवासी विनय कुमार श्रीवास्तव की जूते-चप्पल की दुकान टीपी कालेज के बगल में है। वह परिवार सहित नवरात्र में वैष्णो देवी का दर्शन करने गए थे। शनिवार की देर रात घर लौटे और ताला खोला तो अंदर के कमरों का ताला टूटा देख सन्न रह गए। अंदर गए तो आलमारियों का भी ताला टूटा हुआ था और सामान बाहर बिखरे पड़े थे।
इस दौरान पत्नी से सामान चेक करने को कहा तो पता चला कि 13 हजार रुपये की नकदी समेत लाखों रुपये के जेवर गायब हैं। इस पर उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर रात में ही पुलिस पहुंची और घटना की जांच की। जांच में पता चला कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे और एक-एक करके सभी कमरों का ताला तोड़ा। इसके बाद सारा सामान लेकर छत के ही रास्ते निकल गए जबकि बाहर का दरवाजा बंद का बंद ही रहा। रविवार सुबह तहरीर देकर उन्होंने कोतवाली में अज्ञात चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई।