नगर कोतवाली के दहिलामऊ निवासी हर्षित सिंह (22) पुत्र हरिशंकर सिंह गुरुवार को किसी काम से लखनऊ गया था। वह रात में इंटरसिटी एक्सप्रेस से घर लौट रहा था। नगर कोतवाली के भैरोपुर के करीब रेलवे लाइन के किनारे वह गंभीर रूप से घायल मिला। इस बीच कुछ लोगों ने उसे एंबुलेंस बुलाकर उसे जिला अस्पताल भेजा। उसके पास मिली डायरी से उसकी पहचान हुई। मोबाइल नंबर पर लोगों ने फोन कर उसके परिजनों को बुलाया।
परिजन पहुंचे तो डाक्टर उसकी हालत गंभीर देख इलाहाबाद रेफर कर दिया। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर इलाहाबाद चले गए। अस्पताल के लोगों ने बताया कि ट्रेन में सफर के दौरान कुछ लोगों से विवाद हो गया था। उन लोगों ने मारपीट कर उसे स्टेशन आने से पहले ही चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। यह बात घायल हर्षित परिजनों से होश में आने पर बता रहा था। इस बाबत न तो जीआरपी पुलिस कुछ बता पा रही है और न ही सिविल पुलिस। किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी। शहर कोतवाल बलिराम मिश्रा ने बताया कि रात में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई थी। जीआरपी एसओ भी ऐसी किसी घटना से इनकार करते रहे। जबकि इंटरसिटी ट्रेन में रेलवे पुलिस स्कोर्ट करती है।