प्रतापगढ़। चिलबिला स्थित हनुमान मंदिर की जमीन पर कई साल से भूमाफिया की नजर गड़ी है। वहां पर उनके जरिए बालू और गिट्टियों को डंप कर दिया गया था। इसकी वजह से भक्तों को परेशानी हो रही थी। इसकी शिकायत कुछ लोगों ने डीएम से की। उन्होंने इसे गंभीरता से लिया। फटकार के बाद पहुंचे खनन अधिकारियों ने शुक्रवार को डंप बालू और गिट्टी को सील कर दिया।
शहर से करीब दो किलोमीटर दूर चिलबिला मुख्य चौराहा से आगे काफी पुराना हनुमान मंदिर है। मंदिर परिसर में एक बड़ा सा खूबसूरत तालाब है। बताते हैं कि मंदिर परिसर में नाग पंचमी पर मेला लगता है। विगत कई साल से परिसर में कुछ लोग बालू व गिट्टी डंप कर रखे थे। जिसकी वजह से मंदिर में दर्शन के लिए आने-जाने वाले भक्तों को दिक्कत होने लगी। शुरुआती दौर में कुछ लोगों ने विरोध किया तो परिसर की जमीन पर कुछ लोग अपना आधिपत्य जमाने की कोशिश करने लगे।
इससे विवाद होने लगा। नागपंचमी पर यहां लगने वाले मेले को देखते हुए कुछ लोगों ने जानकारी डीएम को दी। उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया। खनन अधिकारियों को डीएम ने फटकार लगाई। फटकार के बाद खनन अधिकारी निर्मल कुमार शुक्रवार दोपहर में मंदिर पहुंचे। बताते हैं कि वहां परिसर में डंप बालू और गिट्टी को उन्होंने सील कर दिया है। इस संदर्भ में खनन अधिकारी से बात करने की कोशिश की गई। उन्होंने फोन नहीं उठाया।