पट्टी। कोतवाली क्षेत्र के भुसहर गांव में आबादी की भूमि से पुआल हटाने व जबरन मवेशी बांधने से मना करने पर पड़ोसियों ने लाठी व कुल्हाड़ी से मारकर दो महिलाओं समेत पांच लोगों घायल कर दिया। एक की हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गांव निवासी अलगू पुत्र मोलई का पड़ोसी शोभनाथ से आबादी की जमीन का पुराना विवाद है। आरोप है कि इस जमीन पर कब्जे को लेकर शोभनाथ वहां पुआल रखकर मवेशी बांध रहा था। अलगू ने विरोध किया तो शोभनाथ, देवप्रकाश, बबलू, डब्लू, लक्ष्मण, सूर्यप्रकाश व लल्लू आदि कुल्हाड़ी व लाठी लेकर पिल पड़े और अलगू व उसकी पत्नी द्रोपदी एवं कमलेश तथा उसकी पत्नी सरोजा देवी समेत अन्य को मारपीट कर घायल कर दिया।
घायल कोतवाली पहुंचे तो उन्हें इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया। जहां पर अलगू की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। घायल अलगू की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली। देर रात तक एक भी आरोपी पकड़ा नहीं जा सका था।