कुंडा। घर से पैसा न पाने पर एक युवक ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरा देख परिजनों ने शोर मचाया तो ग्रामीण दौड़ पड़े। किसी तरह से आग बुझाकर उसे सीएचसी ले जाया गया। गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने उसे इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के पूरे बुद्धीधर निवासी कल्लू मिश्रा (28) शुक्रवार की सुबह अपने घर वालों से किसी काम के लिए पैसा मांग रहा था। मना करने पर वह नाराज हो गया। कुछ देर परेशान हालत में इधर-उधर घूमता रहा बाद में कमरे में घुस गया। थोड़ी देर बाद परिजनों ने कमरे से धुआं निकलता देखा तो वे कमरे के पास पहुंचे। इसी दौरान कल्लू की चीखें गूंजने लगीं। यह देख परिजनों के होश उड़ गए।
शोर पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ दिया। जैसे ही दरवाजा टूटा कल्लू बाहर की तरफ भागा। यह देख लोगों ने कंबल आदि उसके ऊपर फेंककर आग बुझाई। इसके बाद उसे पीएचसी बाबागंज लेकर भागे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करते हुए इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।