बुधवार की रात विद्युत कटौती को लेकर दहिलामऊ उपकेंद्र पर कुछ लोगों ने जमकर बवाल काटा। एसएसओ को पीटने के साथ ही उपकेंद्र मेें तोड़फोड़ कर दी। जिससे भयभीत कर्मचारी जान बचाकर भागे। एसएसओ का सीयूजी मोबाइल छीनकर हमलावर भाग निकले। इससे काफी देर तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
अंबेडकर चौराहे पर स्थित दहिलामऊ विद्युत उपकेंद्र से रात पौने दस बजे बिजली आपूर्ति बंद हो गई। भुपियामऊ से कटौती के कारण पूरे शहर की बिजली गुल हो गई थी। रात लगभग 11.15 बजे दहिलामऊ मदर अस्पताल के पीछे का रहने वाला युवक अपने साथियों के साथ पहुंचा। इसमें से कई लोग बाहर रुक गए। दो लोग भीतर घुसे, वे बिजली कटौती की जानकारी करने लगे। विद्युत उपकेंद्र पर मौजूद एसएसओ राकेश पाल ने बताया कि कटौती भुपियामऊ से हुई है। अभी वहां के स्टाफ से कटौती के बारे में सही कारण की जानकारी नहीं हो सकी है। बातचीत के दौरान ही अचानक युवक एसएसओ को पीटने लगा। शोर शराबा सुनकर प्रमोद कुमार पहुंच गया। उसे भी हमलावरों ने पीट दिया। कटौती के विरोध में हमलावर कार्यालय के अभिलेख फाड़ने और तोड़फाड़ करने लगे। जिसके चलते कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। बवाल मचाने के बाद हमलावर भाग निकले। इस बात की भनक तक सिविल लाइन चौकी पुलिस को नहीं लग सकी। हमलावरों के जाने के बाद बिजली कर्मचारियों ने घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस खोजबीन करती रही लेकिन वे नहीं मिले। इस बाबत राकेश पाल ने एक नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।