पुलिस की लापरवाही ने गुरुवार रात एक युवक की जान ले ली। भुपियामऊ चौकी पुलिस ने चार दिन पहले हुए हादसे के बाद एक ट्रक को आधी सड़क पर खड़ा करा दिया था। रात में बाइक से जा रहा युवक ट्रक से जा भिड़ा। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। करीब चार घंटे तक पुलिस चौकी के समीप ही तड़पता रहा, लेकिन पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। मृतक ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था।
नगर कोतवाली के डगैता निवासी विशाल प्रताप राव (24) पुत्र मदनलाल राव शहर के जोगापुर स्थित स्वच्छ भारत अभियान में लगी एक संस्था में कर्मचारी था। बुधवार को देर रात तक वह काम करता रहा। रात लगभग 11 बजे वह घर के लिए निकला। इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग पर स्थित भुपियामऊ पुलिस चौकी के पास चार दिन पहले ही दुर्घटना के बाद पुलिस ने एक करीब आधी सड़क पर खड़ा कर रखा है। विशाल की बाइक ट्रक से जा भिड़ी।
जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया और वहीं गिरकर तड़पने लगा। उसके ऊपर किसी की नजर नहीं पड़ी। चंद कदम की दूरी पर स्थित पुलिस चौकी के पुलिसकर्मियों की भी उस पर नजर नहीं पड़ी। जबकि पुलिस बराबर गश्त करने का दावा करती है। करीब चार घंटे बाद उधर से गुजर रहे कुछ पुलिसकर्मियों ने उसे देखा तो पुलिस चौकी में खबर दी। इस पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। शव देखते ही अस्पताल में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। सीओ सिटी रमेशचंद्र ने बताया कि तहरीर बदलवाने जैसी कोई बात नहीं थी। ट्रक सड़क से लगकर खड़ा है। मृतक पीछे से ट्रक में जाकर टकराया है।
पुलिस ने बदलवाई तहरीर, परिजनों का हंगामा
भुपियामऊ पुलिस चौकी के करीब आधी सड़क तक खड़े ट्रक से टकराकर मौत के मुंह में समाए विशाल प्रताप राव के परिजन हादसे के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहरा रहे थे। परिजन कोतवाली पहुंचकर तहरीर देने लगे कि नियम के विपरीत पुलिस चौकी के करीब पुलिस ने आधी सड़क तक ट्रक खड़ा करा रखा है। पुलिस की गलती के कारण हादसे में विशाल की जान चली गई। इस पर पुलिस तहरीर बदलने के बाद ही आगे की कार्रवाई करने की जिद पर अड़ गई। इसे लेकर परिजन हंगामा करने लगे, लेकिन संवेदनशून्य पुलिस को रहम नहीं आया। पुलिस ने आखिरकार मनमाने ढग से तहरीर लिखवाई। इसके बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई प्रारंभ हो सकी।
गुस्से से बचने को करने लगे लीपापोती
भुपियामऊ पुलिस चौकी के करीब खड़े ट्रक में बाइक सवार की टकराने से हुई मौत के बाद पुलिस ग्रामीणों के आक्रोश से बचने के लिए घटना पर पर्दा डालने के लिए लीपापोती करती रही। पुलिसकमयों ने ट्रक के पास दूर तक फैले खून पर मिट्टी डलवा दी। ताकि किसी की उस पर नजर न पड़े। इसके अलावा बाइक को लेकर जाकर चौकी के पास खड़ा कर दिया। ताकि घटनास्थल को लेकर लोगों को गुमराह किया जा सके।